Uttarakhand News 10 Oct 2026: हल्द्वानी। इंदिरा गांधी के कार्यकाल में व्यापारियों का उत्पीड़न होता था। कांग्रेस की मानसिकता आज भी वही है। उद्योगपतियों और कारोबारियों को कठघरे में खड़ा करना और चोर या देश का दुश्मन बताना इसी सोच को दर्शाता है।

हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कालेज में हुए प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के व्यापारी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए यह बात कही।

सीएम धामी ने कहा कि व्यापारियों को अलग-अलग करों की जटिलता से बाहर निकालने के लिए वर्ष 2015 में लागू किए गए जीएसटी का भी विरोध किया गया था। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने व्यापारियों की परेशानी को देखते हुए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया। कहा मोदी सरकार ने व्यापारियों को विकास का भागीदार मानकर उसमें भागीदार बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में व्यापारी वर्ग का बड़ा योगदान है।

उन्होंने व्यापारियों को ब्रांड इंडिया का ब्रांड एंबेसडर करार दिया। साथ ही कहा कि सरकार व्यापारी वर्ग को परेशान नहीं, बल्कि प्रोत्साहित करने की स्पष्ट नीति से काम कर रही है। निवेश और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया है। मंडी शुल्क के मामले में जल्द परीक्षण कराकर समाधान का भरोसा दिया। जीएसटी में किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न न होने की बात भी कही।

सीएम ने व्यापारियों के लिए यह घोषणाएं भी कीं
प्राकृतिक या अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत देने को कार्रवाई होगी
राज्य व जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का फिर से पुनर्गठन करके उनकी बैठकें कराई जाएंगी
जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा
पर्यटन व्यवसाय की पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाएं का लाभ मिलेगा