Uttarakhand News 29 May 2026: हल्द्वानी। शहर में एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ माह बाद ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उसका पति घर आने वाले मेहमानों के लिए मांस और शराब परोसने का दबाव बनाता था। यही नहीं महिला ने पति पर दोस्तों के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है।
आरोपित की कपड़ों की दुकान
हल्द्वानी क्षेत्र की एक महिला ने एसएसपी को दी तहरीर में कहा कि वर्ष 2024 में उसकी शादी एक कपड़ा कारोबारी से हुई। जिसकी मीरा मार्ग स्थित कपड़ों की दुकान है। आरोप है कि शादी के दो माह बाद पति उसके साथ मारपीट करने लगा।
विवाहिता का कहना है कि बिना सहमति के उसके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए गए और लगातार मानसिक उत्पीड़न किया गया। विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
यही नहीं पिछले कई महीनों से उसे घर के एक कमरे में कैदियों की तरह रखा जा रहा था। मायके पक्ष से उसके खाने पीने की व्यवस्था की जाती थी। पीड़िता का आरोप है कि पूर्व में पति और सास ने किचन में बेलन से मारपीट की व गला दबाकर मुंह में नशीला पदार्थ डालने का प्रयास किया। इसके बाद महिला ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया था, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न जारी रहा। आरोप है कि मार्च में होली के दिन जब उसके भाई-बहन मिलने पहुंचे तो पति और सास ने उनके साथ भी मारपीट कर घर से धक्के देकर बाहर निकाल दिया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति, सास-ससुर पर मारपीट, कैद करने, धमकी पर प्राथमिकी दर्ज कर दी है।










