Uttarakhand News 30 May 2026: चारधाम यात्रा में बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में प्रोटोकॉल के तहत वीआईपी अतिथियों से दर्शन के लिए 1100 रुपये शुल्क लिया जाएगा। इस संबंध में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने आदेश जारी कर दिए हैं। धामों में लाइन में लगने वाले श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन व भीड़ नियंत्रण के लिए बीकेटीसी ने यह निर्णय लिया है।

इन दिनों चारधाम यात्रा चरम पर है। बदरीनाथ व केदारनाथ में तीर्थयात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। विभिन्न राज्यों से आने वाले तीर्थयात्री वीआईपी सिफारिश लेकर मंदिर परिसर के गेट नंबर दो पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में परिसर में भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था पैदा हो रही है। बीकेटीसी ने सामान्य श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन को प्राथमिकता देते हुए मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) में संशोधन कर दिया है।

अब प्रोटोकॉल के आधार पर वीआईपी अतिथियों के दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति 1100 रुपये सहयोग राशि ली जाएगी। बीकेटीसी ने मंदिर परिसर से प्रोटोकॉल कार्यालय को नीलकंठ विश्राम गृह में स्थानांतरित कर दिया है। प्रदेश सरकार से प्राप्त प्रोटोकॉल सूचना के आधार पर बीकेटीसी की ओर से दर्शन के लिए पर्ची जारी कर सहयोग राशि ली जाएगी।

प्रोटोकॉल में आने वाले अतिथियों के दर्शन में पारदर्शी व्यवस्था व सामान्य श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए बीकेटीसी ने सहयोग राशि लेने का निर्णय लिया है। बीकेटीसी का मकसद लाइन में लगने वाले श्रद्धालुओं को कम समय में दर्शन कराना है।