Uttarakhand News 30 May 2026: देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में हैटट्रिक के लिए सांसदों-विधायकों से लेकर पार्टी के पदाधिकारियों व निकाय प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन 23 विधानसभा सीटों के लिए विशेष रणनीति बनाई, जहां भाजपा पिछला चुनाव हारी या मामूली अंतर से जीती। इन सीटों को जिताने का जिम्मा सांसदों व राज्यसभा सदस्यों को सौंपा।
हाई रिस्क विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक कार्यकर्ता की तैनाती कर विशेष निगरानी और संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने को कहा।
100 प्रबुद्धजनों की सूची बनाएं
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा-जिलाध्यक्षों, निकाय व ब्लाक प्रमुखों के साथ अलग-अलग बैठक कर चुनावी रणनीति बनाई। इस दौरान बूथ प्रबंधन और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 100 प्रबुद्धजनों की सूची बनाकर उनसे संपर्क कर भाजपा के विचार परिवार का विस्तार करें। प्रभावशाली लोगों के माध्यम से सरकार की योजनाओं व संगठन की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाएं। पूर्व में हारी हुई सीटों पर सांसदों का प्रवास हो। उन्होंने कहा कि ग्राम संपर्क योजना के तहत सांसद-विधायक गांवों में जाकर पीएम मोदी के 12 वर्ष के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाकर सबसे निचली इकाई तक सरकार और संगठन का समन्वय बेहतर करने का काम करें।
योजना बनाई गई कि राज्य सरकार के दस साल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पंफलेट-पत्रिका और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से भाजपा ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करेगी। बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
सांसदों और विधायकों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, जिन बूथों पर अभी तक टोली या बूथ समितियों का गठन नहीं हुआ है, वहां विधायक व मंडल संगठन संयुक्त रूप से अभियान चलाकर संगठनात्मक ढांचे को पूर्ण करें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए माइक्रो मैनेजमेंट माडल को भाजपा अपनाएगी।
उत्तराखंंड में राष्ट्रवादी विचारों की सरकार वापस आना जरूरी
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों से कहा कि उत्तराखंड की सरकार सिर्फ एक सरकार नहीं बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवादी विचारों की सरकार है, जिसका बहुमत से वापस आना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा, देवभूमि से हमेशा भगवा का संदेश देशभर में फैलते रहना चाहिए।
कहा, चुनाव में बहुत अधिक समय शेष नहीं है। उन्होंने एसआइआर पर कहा कि हमें आने वाले 20 वर्षों के लिए पार्टी को मजबूत करना है, ताकि विकसित भारत का सपना साकार हो सके।
हाई रिस्क सीटों पर दो माह का अल्टीमेटम
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिन सीटों पर पिछली बार भाजपा चुनाव हार चुकी है, जहां पर जीत का अंतर कम रहा या विधायकों का रिपोर्ट कार्ड संतोषजनक नहीं है, अगले दो माह में वहां संबंधित जनप्रतिनिधि बूथ स्तर तक सभी तैयारियां दुरुस्त कर लें। संगठन दो माह बाद फिर समीक्षा करेगा। इसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
नितिन के दस नुस्खे
पदाधिकारी से कार्यकर्ता तक की बूथ स्तर पर सक्रियता।
कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर मजबूत नेटवर्क तैयार करें।
जन-जन तक पहुंचाएं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी।
गांव स्तर तक लाभार्थियों से संपर्क को चलाएं अभियान।
गांव से लेकर शहर तक संगठन की पहुंच बनाएं।
वार्ड, गांव व मोहल्ला स्तर पर छोटे संवाद कार्यक्रम आयोजित करें।
विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार करें।
बूथ समितियों, शक्ति केंद्रों और इंटरनेट मीडिया के जरिए मजबूत करें प्रचार तंत्र।
निकाय और पंचायत जनप्रतिनिधि बनें योजनाओं के प्रचार का मुख्य चेहरा।
जनता की समस्याओं का समाधान कर सकारात्मक माहौल तैयार करें।










