Uttarakhand News 8 June 2026: जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सैन्य अभियान के दौरान बलिदान हुए अल्मोड़ा के पांडेखोला निवासी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के परिजनों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर वार्ता कर ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा प्रदेश देश के इस वीर सपूत के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

“बीरेश्वर पूरे राज्य का बेटा, देश को है गर्व”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जांबाज सैन्य अधिकारी के अदम्य साहस, अद्वितीय वीरता और राष्ट्रसेवा को नमन किया।

उन्होंने बलिदानी के पिता से बात करते हुए कहा कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। बीरेश्वर ने न केवल देश बल्कि पूरी देवभूमि का सिर फख्र से ऊंचा किया है।

सीएम ने भावुक होते हुए कहा, “बीरेश्वर सिर्फ आपका ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड का बेटा है, उनके इस सर्वोच्च बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।”

आवास पर लगा सांत्वना देने वालों का तांता
बता दें कि बीते शनिवार, 6 जून को राजौरी में एक सैन्य ऑपरेशन के दौरान लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी वीरगति को प्राप्त हो गए थे। इस दुखद खबर के बाद से ही पांडेखोला स्थित उनके पैतृक आवास पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।

स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। घर पर बलिदानी की आत्मा की शांति के लिए शांति पाठ भी आयोजित किया जा रहा है।