Uttarakhand News 8 June 2026: एसएसपी कार्यालय के सामने दिनदहाड़े जहरखुरानी का मामला सामने आया है। तीन युवकों ने एक युवक को कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और उसका मोबाइल व पर्स लेकर भागने की कोशिश की। हालांकि लोगों की सतर्कता से एक आरोपी पकड़ लिया गया जबकि बेहोश युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य युवक रोडवेज की बस में अचेत मिला है।

हल्द्वानी डिपो के गेट पर एसएसपी कार्यालय के ठीक सामने फुटपाथ पर एक युवक बैठा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसके साथ तीन युवक थे। अचानक से तीनों ने उसे माल्टा शराब के साथ कोई चीज खिला दी। इसे खाते ही वह लुढ़क गया। युवकों ने बेहोश युवक के जेब से पैसे निकाले। इसे आसपास के दुकानदारों ने देख लिया। उनके आते ही दो युवक भाग गए जबकि एक पकड़ा गया। लोगों ने बेहोश युवक की जेब से तीन हजार के करीब रुपये निकाले और पुलिस को बुलाकर उन्हें सौपा। कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि युवक के पास से न मोबाइल मिला है और न ही पर्स। उसकी पहचान नहीं हुई है। बेस अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए युवक का मेडिकल कराने के बाद उससे पूछताछ चल रही है।

उधर दूसरा मामला रोडवेज की बस में सामने आया। हल्द्वानी डिपो की चंडीगढ़ से आने वाली बस रविवार की सुबह जसपुर टोल प्लाजा के पास पहुंची। यहां पहले से ही जालंधर वाली बस खराब होकर खड़ी थी। बस में 20 के करीब सवारियां थी। चालक अमरीक सिंह ने उन सवारियों को चंडीगढ़ डिपो की बस में बैठा लिया। इन्हीं सवारियों के साथ 40 वर्षीय व्यक्ति भी पीछे की सीट पर बैठा। सुबह चार बजे के करीब रुद्रपुर में कुछ सवारियों ने युवक के बेहोश होने की बात बताई। सुबह छह बजे बस के हल्द्वानी डिपो पहुंचने पर चालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ चालक ने बेहोश व्यक्ति को एसटीएच में भर्ती कराया। चालक ने बताया कि युवक बेहोशी की हालत में था। वह कुछ बोलना चाहता था लेकिन आवाज नहीं निकल रहा था। उसके पास बैग व बाल्टी मिली थी। बाकी कोई सामान नहीं था। उसकी पहचान भी नहीं हुई है

माल्टा और टाॅफी के खिलाकर हो रही लूट

हल्द्वानी। रोडवेज बस स्टेशन के पास जहरखुरान गिरोह सक्रिय हैं। आए दिन यात्रियों को शिकार बनाने का मामला सामने आ रहा है। 11 फरवरी 2026 में दिल्ली से अपने दोस्त की शादी में शामिल होने भीमताल जा रहे एक युवक पंकज पांडे को गिरोह ने अपना शिकार बनाया था। जिस जगह पर बेहोश युवक मिल रहे हैं वहां पर टाॅफी के रैपर व माल्टा शराब का पैकेट भी मिल रहा है।

किसी भी अनजान से मिली कोई वस्तु न खाएं और न ही पीएं। रोडवेज स्टेशन पर सतर्कता बरती जाएगी। अलग से टीम भी तैनात होगी।