Uttarakhand News 10 June 2026: लालकुआं-हल्दूचौड़ हाईवे पर बबूर गुमटी के समीप मंगलवार रात करीब पौने दस बजे सड़क पार कर रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत भाग गया।

बबूर गुमटी हल्दूचौड़ निवासी प्रेम सिंह (44) नरूला प्लॉट में चालक एवं चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार रात वह किसी काम से हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और 108 एंबुलेंस की सहायता से युवक को एसटीएच भिजवाया।

घटनास्थल पर एक नंबर प्लेट भी मिली है जिसकी जांच के लिए पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हल्द्वानी भेज दिया गया है। प्रेम सिंह की असमय मौत से परिवार में मातम है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी हुई है।