Uttarakhand News 23 June 2026: धौलादेवी ब्लाक के सेली गांव में हत्या की जघन्य वारदात ने रिश्तों को कलंकित कर दिया। रात में पत्नी ने बेटी व दामाद के संग मिलकर दराती के वार से पति को लहूलुहान कर दिया।
मरणासन्न हाल में छोड़ तीनों रात में ही फरार हो गए। अस्पताल ले जाते वक्त व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। तीसरे दिन अंतिम संस्कार के बाद पिता की ओर से तीनों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई। पुलिस हरियाणा में रहने वाले बेटी-दामाद सहित पत्नी की तलाश में दन्यां से हरियाणा तक दबिश दे रही है।
ग्राम सेली व वर्तमान में हरियाणा में रह रहे 65 वर्षीय नारायण दत्त पांडे ने मंगलवार को दन्यां थाने में तहरीर सौंपी।
बताया कि उनके पुत्र 40 वर्षीय चंद्रशेखर पांडे का अपनी पत्नी खष्टी देवी के साथ अक्सर शराब के नशे में विवाद और मारपीट होती थी।
खष्टी देवी अपने पति की हरकतों की शिकायत ग्राम शेजपुरा, थाना हांसी सदर, हरियाणा में दो माह पूर्व ब्याही अपनी बेटी जानकी और दामाद धर्मवीर शर्मा से करती थी।
इस वजह से पति-पत्नी के बीच तनाव और बढ़ता चला गया। साथ ही बेटी-दामाद से भी बहस होने लगी। कुछ दिन पूर्व धर्मवीर शर्मा ने धमकी भी दी थी कि यदि ससुर चंद्रशेखर ने उसकी पत्नी और सास के साथ अभद्र व्यवहार बंद नहीं किया तो वह उसे जान से मार देगा।
20 जून की रात धर्मवीर शर्मा और जानकी हरियाणा से गांव पहुंचे। यहां खष्टी देवी के साथ मिलकर चंद्रशेखर पर धारदार दराती से हमला कर दिया।
हमले में चंद्रशेखर के सिर और हाथ-पैरों में भी गंभीर चोटें आईं। तीनों उसे मरा समझ रात में ही फरार हो गए।
21 जून को घटना का पता चलने पर ग्रामीणों ने घायल चंद्रशेखर पहले नजदीकी धौलादेवी अस्पताल फिर अल्मोड़ा बेस अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति में चंद्रशेखर को अल्मोड़ा से सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता ने बहू, पोती और दामाद पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एसओ दिनेश नाथ महंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम जुटी है। इधर, मृतक के पिता नारायण दत्त व पुत्र गणेश दत्त भी हरियाणा में ही रहते हैं। सोमवार को यहां पहुंचने के बाद उन्होंने मंगलवार को अंतिम संस्कार किया।
मोबाइल पर चैट करते देख बेटी और पत्नी से करता था झगड़ा
चंद्रशेखर पांडे अपनी बेटी जानकी को विवाह से पूर्व डांटता और पीटता था। बेटी को मोबाइल पर चैटिंग करते हुए और उसकी हरकतों को देखकर आए दिन घर में कलह रहता था। बेटी के विवाह के बाद उसका पत्नी खष्टी से भी झगड़ा होते रहता था।
विवाह के दो माह के भीतर ही मां के उकसावे पर बेटी ने अपने ही पिता से बदला लेने और ठिकाने लगान के लिए अपने पति को भी तैयार कर लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि चंद्रशेखर नशे का आदी था। ग्राम प्रधान कैलाश पांडे ने बताया कि नृशंस हत्या की घटना से सेली और आसपास के गांवों में भय का माहौल है।










