Uttarakhand News 25 June 2026: इस वर्ष हिमालय की चारधाम यात्रा में अब तक 204 यात्रियों की जान चुकी है। इनमें 201 वे यात्री हैं, जिन्होंने स्वास्थ्य संबंधित जटिलता, हृदयघात और सांस संबंधी परेशानी के कारण जान गंवाई है।

मरने वालों में अधिकतर बुजुर्ग और पहले से गंभीर बीमारी से ग्रसित तीर्थयात्री शामिल हैं। हालांकि, इस वर्ष यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में अपेक्षाकृत अधिक उत्साह देखने को मिला है। अब तक 40.03 लाख यात्री चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं।

दो महीने में ही रिकॉर्ड तीर्थयात्री चारों धामों में पहुंचे
चारधाम यात्रा 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई थी। दो महीने में ही रिकॉर्ड तीर्थयात्री चारों धामों में पहुंच चुके हैं। कई यात्री ऐसे भी हैं, जो उम्र और बीमारी की बाधा को पार कर दर्शन को पहुंच रहे हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आक्सीजन की कमी, कठिन पैदल मार्ग और प्रतिकूल मौसम का असर कई यात्रियों पर देखा गया है।

ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप में बनाए गए अस्थायी अस्पताल में यात्रा शुरू करने से पहले ही तीर्थयात्रियों की जांच की जाती है और स्वास्थ्य संबंधी सलाह का पालन करने को कहा जाता है।