Uttarakhand News 25 June 2026: नगर क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 5 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने करीब 7 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। नाबालिग को हाथ पकड़कर ले जाने वाला एक व्यक्ति सीसीटीवी में कैद हुआ है।

बच्ची को वह व्यक्ति कहा ले गया उसके साथ क्या हुआ पुलिस के लिए अभी भी गुत्थी बनी हुई है। घटना के बाद नगर में तरह- तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस उस संदिग्ध व्यक्ति का पता लगा रही है।

मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 5 वर्षीय पुत्री के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। देर शाम करीब 8 से 9 बजे के बीच बच्ची को बरामद कर लिया गया।

बच्ची को परिजनों को सौंपा
बच्ची कहां से गई और उसके साथ कौन था, इसकी जानकारी जुटाने के लिए आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। बताया जा रहा है एक व्यक्ति नाबालिग का हाथ पकड़कर ले जा रहा है। घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हुआ है।

पुलिस बच्ची का मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग कराने की तैयारी भी कर रही है। संदिग्ध की खोज के लिए पुलिस ने चार टीम गठित की हैं। नाबालिग पुलिस के संरक्षण में है उसे परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस की एक टीम बच्ची तथा उसके परिवार की सुरक्षा में लगाई गयी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। कोतवाल ललिल मोहन जोशी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।