Uttarakhand News 27 June 2026 देहरादून। उत्तराखंड में इस वर्ष मानसून के करीब एक सप्ताह की देरी से पहुंचने की संभावना है। मानसून के आगमन से पहले ही प्रदेश में गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को मैदान से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को दिनभर उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी तीन से चार दिनों के भीतर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून दस्तक दे सकता है। इससे पहले पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे वहां के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, मैदानी इलाकों में फिलहाल गर्मी और उमस का असर बना रहेगा।

आज (27 जून) के लिए मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने, गर्जन के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री अधिक 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और तेज हवाओं एवं आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।