Uttarakhand News 26 June 2026: पिथौरागढ़ जिले में अचानक लापता हुई पांच साल की मासूम के साथ दरिंदगी होने की मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई है। मेडिकल रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना से हर कोई स्तब्ध है।

मामले के अनुसार बीते मंगलवार को नगर में दुकान चलाने वाले बाहरी प्रदेश के व्यापारी ने अपनी पांच साल की मासूम बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस ने बच्ची की खोजबीन शुरू की। सीसीटीवी खंगाले गए तो एक युवक बच्ची का हाथ पकड़कर अपने साथ ले जाता दिखा। आधी रात को बच्ची नगर के टनकपुर तिराहे के पास बदहवास और अस्त-व्यस्त हालत में मिली। ऐसे में उसके साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताते हुए उसका मेडिकल कराया गया और आरोपी की खोजबीन शुरू हुई। जब मेडिकल रिपोर्ट मिली तो आशंका सच साबित हुई।

पुलिस के मुताबिक बच्ची के साथ अमानवीय तरीके से दरिंदगी की गई। बीते बृहस्पतिवार देर रात मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए। रात करीब 12 बजे के आसपास आरोपी रई, धनौड़ा निवासी होशियार सिंह (35) को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं बच्ची अब भी महिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में है। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की भी घोषणा की है।