Uttarakhand News 27 June 2026: रुड़की। बेटी के प्रेम विवाह से नाराज शहनवाज के दिल में बदले की आग इस कदर सुलग रही थी कि भांजे के विदेश जाने की भनक लगते ही उसके कत्ल की खौफनाक साजिश रच डाली।

मामा को पता चला था कि मुसीद शुक्रवार को ही दुबई नौकरी के लिए दिल्ली से फ्लाइट पकड़ने वाला है। आरोपित को डर था कि अगर मुसीद एक बार देश से बाहर चला गया तो फिर उसके हाथ कभी नहीं आएगा। इसी वजह से दिल्ली रवाना होने से पहले ही पूरी योजना के साथ भांजे का कत्ल कर दिया।

निकाह के बाद से नाराजगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी के बाद से ही मामा और नाना का परिवार अंदर ही अंदर बदले की आग में झुलस रहा था। उन्हें लगता था कि मुसीद ने उन्हें धोखे में रखकर उनकी बेटी को बहलाया-फुसलाया था। निकाह के बाद से उनकी नाराजगी बनी थी।

पुलिस का मानना है कि शहनवाज ने साजिशन हत्या को अंजाम दिया, जिसमें अन्य आरोपित भी शामिल हो सकते हैं। जांच में पता चला है कि आरोपित शहनवाज उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से चाकू लेकर आया था। उसे मालूम था कि दिल्ली जैसी जगह पर वारदात को अंजाम देना आसान नहीं होगा, इसलिए उसने भगवानपुर में ही हमले की योजना बनाई।

साजिश में शामिल होने वालों की भी तलाश
जिस बेरहमी से सरेराह रास्ते में रोककर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि वारदात से पहले मुसीद के आने-जाने की जानकारी जुटाई गई थी । अब पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड में हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।

आशंका जताई जा रही है कि इस साजिश में शहनवाज के साथ कुछ और लोग भी शामिल थे, जिन्होंने मुसीद के घर से निकलने से लेकर चौक तक पहुंचने की जानकारी पहुंचाई। हत्या आरोपित को पता था कि मुसीद हल्लूमाजरा चौक से होकर अकेला गुजरने वाला है, जहां उस पर हमला किया।