Uttarakhand News 10 July 2026: हरिद्वार। शहर में 10 दिन पहले आस्था पथ की झाड़ियों में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है।
हत्या के आरोप में बुधवार आधी रात को मुठभेड़ के बाद एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके एक पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
आरोपित से शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या की वजह का चौंकाने वाला खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, बिजनौर के रहने वाले दोनों आरोपितों ने देह व्यापार के रुपये मांगने और पुलिस में शिकायत करने की धमकी देने पर महिला के चेहरे पर मुक्के बरसाए। बेसुध होने पर चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
आस्था पथ पर मिला था शव
8 जून को देहरादून हाईवे के किनारे आस्था पथ मार्ग पर झाड़ियों में एक महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। चूंकि महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, इसलिए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित चार टीमों ने खुद वादी बनकर तफ्तीश आगे बढ़ाई।
सीसीटीवी कैमरों से मिला सुराग
पुलिस ने जब घटनास्थल और हरकी पैड़ी क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। फुटेज में मृतका के साथ दो संदिग्ध युवक नजर आए, जिससे पुलिस को आरोपितों का पुख्ता सुराग मिल गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार आधी रात को पुलिस टीम उत्तरी हरिद्वार के दुधियाबंद तिराहे पर चेकिंग कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपित जिशान निवासी जिगर कालोनी, नहटौर, बिजनौर के पैर में गोली लगी और वह दबोच लिया गया। उसका साथी शाहनवाज भागने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपित के पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।
साक्ष्य मिटाने के लिए सिम तोड़कर गंगा में फेंक दी थी
पूछताछ में आरोपी जिशान ने कुबूल किया कि वे महिला को हरकी पैड़ी से बहला-फुसलाकर चंडी चौक के पास गंगा घाट की झाड़ियों में ले गए थे, जहां उन्होंने शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जब महिला ने तय रकम मांगी, तो उन्होंने देने से इनकार कर दिया।
महिला द्वारा पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर दोनों आगबबूला हो गए और बेरहमी से पीटा। आखिर में गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर आरोपितों ने पुलिस को गुमराह करने और महिला की पहचान छिपाने की पूरी कोशिश की थी। उन्होंने शव झाड़ियों में फेंकने के बाद उसके मोबाइल की सिम निकालकर गंगा नदी में बहा दी ताकि सर्विलांस से लोकेशन न मिल सके।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि फरार शाहनवाज की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मृतका की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस टीम में शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा, एसएसआइ गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र सिंह गंगवार, उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान, कांस्टेबल बृजमोहन रावत, लखन सिंह चौहान, विनोद रावत व सचिन सिंह शामिल रहे।










