Uttarakhand News 10 July 2026: जनपद में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर यात्रा मार्ग के सभी संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन और सेक्टर अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पूरे यात्रा मार्ग का लगातार निरीक्षण
प्रशासनिक टीमें सोनप्रयाग, गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ धाम तक पूरे यात्रा मार्ग का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों को मौसम की स्थिति तथा संभावित जोखिमों की जानकारी देते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।

सुरक्षा की दृष्टि से केदारनाथ धाम स्थित संगम घाट क्षेत्र में मौजूद यात्रियों को एहतियातन तत्काल वहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कदम संभावित भारी वर्षा और नदी के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए उठाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

जिला प्रशासन ने बताया कि यात्रा मार्ग पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक जोखिम न उठाएं तथा सुरक्षा संबंधी सलाह का अनुपालन करें। जिला प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।