Uttarakhand News 18 July 2026: सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में एक विधवा महिला को शादी का झांसा देकर तीन साल तक शारीरिक शोषण करने और अब शादी से मुकर कर उसे बदनाम करने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि पनियाला रोड निवासी एक युवक ने इंटरनेट मीडिया पर दोस्ती के बाद महिला को अपने जाल में फंसाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के पति की आठ साल पहले मौत हो चुकी है और उनके दो बच्चे हैं।
करीब तीन साल पहले महिला की बातचीत इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पनियाला रोड निवासी एक युवक से हुई थी। कुछ दिनों में दोनों के बीच दोस्ती हो गई और वे फोन पर भी बात करने लगे।
करीब दो साल पहले युवक ने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर महिला ने हामी भर दी। इसके बाद आरोपित युवक महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा।
युवक ने कई बार महिला को अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला जब भी शादी के लिए कहती, वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात को टाल देता था।
विरोध करने पर बदनाम करने की धमकी
जब महिला ने शादी के लिए ज्यादा दबाव बनाया, तो युवक वादे से साफ मुकर गया और भड़क कर बात कर लगा।
आरोप है कि उसने महिला को धमकी दी कि यदि उसने शादी के लिए और दबाव बनाया तो वह उसके फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डालकर उसे समाज में बदनाम कर देगा।
डरी-सहमी पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।










