Uttarakhand News 23 July 2026: कोतवाली विकासनगर से ही चंद कदम की दूरी पर बुधवार को दिनदहाड़े हुए गोलीकांड की घटना से लोग सहम गए। पड़ोस के लोग इस घटना से स्तब्ध रह गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना कोतवाली क्षेत्र में पहले कभी नहीं हुई। घटनाक्रम को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं की जा रही है। लेकिन महिला के होश में आने के बाद ही इसकी सच्चाई से पर्दा उठेगा। पुलिस अस्पताल में भर्ती महिला के होश में आने का इंतजार कर रही है।

कमलेश ने हाल ही में बेची थी जमीन
मौके पर पहुंचीं सभासद सुमनलता ने बताया कि उत्तरकाशी के बंगाण क्षेत्र स्थित भूटाणू गांव निवासी संगीता नेगी पत्नी प्रीतम नेगी के दोनों बच्चे पास ही के एक स्कूल में पढ़ते हैं। उनके स्कूल जाने के बाद ही बुधवार को कमलेश चौहान निवासी गांव हयो टगरी चकराता संगीता के पास आया था।

कमलेश चौहान को लोग अक्सर संगीता के घर आते-जाते देखते थे। सोचते थे कि यह कोई जानकार या रिश्तेदार होगा। संगीता को भी कमलेश के घर पर आने को लेकर कोई शिकायत नहीं थी।

आसपास के लोगों ने बताया कि अच्छा हुआ कि घर पर संगीता की बेटी व बेटा नहीं थे, अन्यथा गोलीकांड में उन्हें भी नुकसान हो सकता था। कमलेश चौहान ने कुछ समय पहले तक अस्पताल रोड पर एक रेस्टोरेंट का संचालन किया था, लेकिन बाद में लीज खत्म हो गई थी।

बताया जाता है कि कमलेश ने हाल ही में अपनी कुछ जमीन भी बेची थी। पुलिस अब कमलेश के फोन काल डिटेल भी खंगाल रही है, ताकि गोलीकांड के पीछे की सही वजह का पता लगाया जा सके।