Desperate due to debt and unrequited love, Kamlesh had turned into a psychopath; he first shot Sangeeta and then took his own life.
Uttarakhand News 24 July 2026: कर्जा बढ़ने व संगीता के दूरी बनाने पर हताशा में कमलेश ने कल्याणपुर में गोलियां चलाकर खूनी वारदात को अंजाम दिया।
गोली मारकर महिला की हत्या के प्रयास के बाद उसने खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस महिला के होश में आने का इंतजार कर रही है, जिसके बयान के बाद इस गोलीकांड के पीछे के कई राज से पर्दा उठ सकेगा।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सुसाइड नोट में कमलेश की एकतरफा दीवानगी व हताशा का उल्लेख है। महिला लंबे समय से कमलेश परेशान थी और दूरी बनाने पर कमलेश साइकोटाइप हो गया था।
सुसाइड नोट में क्या लिखा था?
जिसने सुसाइड नोट में उल्लेख भी किया है कि संगीता तुम मेरी नहीं हुई तो मैं तुम्हें नेगी की भी नहीं होने दूंगा। साथ जिएंगे और साथ मरेंगे। तुमने दूरी क्यों बनाई, जिसके कारण हम दोनों को दुनिया छोड़कर जाना पड़ रहा है। हालांकि कोतवाल का कहना है कि सुसाइड नोट को राइटिंग विशेषज्ञ को भेजा गया है कि वह कमलेश ने लिखा या फिर किसी और ने।
सूत्रों का कहना है कि कमलेश निवासी हयो टगरी चकराता ने पहले देहरादून में कुछ वर्षों तक अपना व्यवसाय चलाया। कोविड के बाद उसने विकासनगर के अस्पताल रोड स्थित एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट का संचालन शुरु किया था। किराए पर संचालित फास्ट फूड रेस्टोरेंट में संगीता अपने बच्चों के साथ चाउमीन, टिक्की आदि खाने के लिए आती थी।
करीब तीन साल पहले कमलेश चौहान ने महिला के साथ अपनी जान पहचान बढ़ाई और कल्याणपुर स्थित किराए के घर पर आना जाना शुरू कर दिया। मोहल्लेवाले रिश्तेदार समझकर कुछ नहीं कहते थे, लेकिन कमलेश को अक्सर संगीता के घर पर उस वक्त आते जाते देखते थे, जब दोनों बच्चे स्कूल चले जाते थे। बाद में उसने बच्चों के रहते हुए भी आना शुरू कर दिया। बच्चों ने कुछ एतराज जताया और पति को भी पता चला तो संगीता ने कमलेश से दूरियां बनानी शुरू कर दी थी।
घाटे के कारण रेस्टोरेंट का संचालन बंद होने से कमलेश के ऊपर लोगों का काफी कर्जा चढ़ गया। कमलेश का अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था। अब वह संगीता पर ही ज्यादा भरोसा करने लगा था। लेकिन संगीता द्वारा दूरिया बनाना उसे सहन नहीं हुआ। एक तरफ कारोबार में घाटा, कर्जा बढ़ने व महिला के दूरी बनाने पर वह साइकोटाइप हो गया।
सुसाइड नोट में कही गयी बातों से इसकी पुष्टि भी काफी हद तक होती है। कोतवाल राजीव रौथाण के अनुसार सुसाइड नोट को राइटिंग एक्सपर्ट को भेजा गया है। महिला अभी भी होश में नहीं आयी है, महिला के बयान के बाद ही पूरे मामले की तह तक पहुंचा जा सकता है।
यह था घटनाक्रम
बुधवार सुबह कोतवाली विकासनगर अंतर्गत कल्याणपुर में बंद कमरे में कमलेश ने पहले संगीता को गोली मारी और उसे मरा समझ कर खुद को भी गोली मार ली थी। घटना में कमलेश चौहान की मौके पर ही मौत हो गयी थी, जबकि महिला अस्पताल में भर्ती है। जिस समय कमलेश आया। त्यूणी तहसील से सटे उत्तरकाशी के बंगाण क्षेत्र की भूटाणू ग्राम निवासी संगीता नेगी पत्नी प्रीतम नेगी घर के बाहर कपड़े सुखा रही थी।
कमलेश उसे कमरे के अंदर ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसे पड़ोसियों ने भी सुना, फिर गोलियां चलने की आवाजें आयीं और बंद कमरे में सबकुछ शांत हो गया। अनिष्ठ की आशंका को देखते हुए मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर घुसी तो संगीता व कमलेश लहुलुहान मिले थे।
पुलिस ने जब चेक किया तो सांसे चलने पर संगीता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जबकि कमलेश दम तोड़ चुका था। कमरे में कमलेश के बैग से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें लिखी बातों की जांच की जा रही है और यह पता भी किया जा रहा है कि राइटिंग कमलेश की ही है या फिर किसी और की है।
वहीं घटना के बाद जिन बच्चों के लिए संगीता ने अपने प्यार तक का त्याग कर दिया, आज वही बच्चे अस्पताल और घर के बीच अपनी मां की महज एक झलक पाने के लिए लाचार नजर आ रहे हैं। गोलीकांड का खौफनाक मंजर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।










