Uttarakhand News 4 Nov 2026: आशारोड़ी चेक पोस्ट पर 15 अक्टूबर को पेड़ से टकराकर हुए हादसे में क्लीनर विकास की मौत पर ट्रक चालक के खिलाफ पटेलनगर पुलिस ने मुक़दमा दर्ज किया है।

हादसे में ऋषिकेश स्थित काली की ढाल निवासी मृतक विकास के भाई महेश विश्वास ने पुलिस को शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनका भाई विकास विश्वास ट्रक चालक के साथ सोनीपत से देहरादून की ओर चावल लेकर आ रहा था।

जैसे ही वह आशारोड़ी चेक पोस्ट पर पहुंचा तो चालक तेजी से ट्रक को चलाते हुए अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में उनका भाई विकास ट्रक के अंदर ही फंस गया था और उसकी मौत हो गई थी।

इसके बाद परिजन मृतक के अंतिम संस्कार में व्यस्त हो गए। मृतक के भाई ने अब पुलिस को शिकायत कर चालक के खिलाफ मुक़दमा दर्ज कराया है।