Uttarakhand News 25 July 2026: ठौर की तलाश में सड़क पर भटकते निराश्रित मवेशी लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर आंखें फेरे हुए हैं।

शुक्रवार को हनुमान मंदिर के पास एक सांड ने स्थानीय निवासी युवक बजरंग पर हमला कर दिया।

दरअसल, बजरंग ने दुकान के आगे खड़े सांड को वहां से भगाने की कोशिश की, जिससे सांड उग्र हो गया और बजरंग पर टूट पड़ा। गंभीर रूप से घायल बजरंग एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा यह सांड अचानक उग्र हो जाता है और राहगीरों पर हमला करता है। बता दें कि रायवाला क्षेत्र में बड़ी संख्या में निराश्रित मवेशी घूम रहे हैं।
सड़कों पर डेरा जमाए इन मवेशियों से टकराने से आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं। यह कई बार राहगीरों पर हमलावर भी हो जाते हैं।

इसके अलावा इन मवेशियों के सड़क पर लड़ते हुए घरों या दुकान में घुसने की घटनाएं आम होती जा रही हैं। प्रतीतनगर के ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने तहसील प्रशासन से इन निराश्रित मवेशियों को गोशाला भेजने की मांग की है।