Uttarakhand News 30 July 2026: हरिद्वार। कांवड़ मेले के बीच मध्य हरिद्वार की रोड धर्मशाला में एक्स मुस्लिमों को साथ लेकर कराए जा रहे यज्ञ-हवन कार्यक्रम को प्रबंधन ने रुकवा दिया। गाजियाबाद से पहुंचे एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक सहित स्वामी राम विशाल दास को भी धर्मशाला प्रबंधन ने बाहर निकाल दिया।
इसके बाद एक्स मुस्लिमों ने धर्मशाला के बाहर मीडिया से बातचीत की। उसी दौरान सलीम वास्तिक ने हरकी पैड़ी को लेकर विवादित बयान भी दिया। जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया प्रसारित हो रहा है। कांवड़ मेले के बीच हुए इस घटनाक्रम के बाद पुलिस व खुफिया विभाग हरकत में आ गया है। देर रात तक पुलिस प्रशासन राम विशाल व अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगा था।
बुर्का पहनी दो कथित मुस्लिम महिलाएं भी थीं शामिल
मध्य हरिद्वार की रोड धर्मशाला में स्वामी राम विशाल दास महाराज की मौजूदगी में एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक व अन्य व्यक्तियों की ओर से यज्ञ-हवन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। जिसमें बुर्का पहनी दो कथित मुस्लिम महिलाएं भी शामिल थीं। प्रबंधन को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल सभी को बाहर जाने के लिए कहा।
प्रबंधन का कहना था कि धर्मशाला में ऐसा कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं होने दिया जाएगा, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो। प्रबंधन के सख्त रुख के चलते राम विशाल दास, सलीम वास्तिक व अन्य व्यक्तियों को धर्मशाला से बाहर जाना पड़ा। इसका एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
वहीं, धर्मशाला के बाहर मीडिया से बातचीत में सलीम वास्तिक ने कहा कि अब वह हरकी पैड़ी पर धावा मारेंगे। हरकी पैड़ी पब्लिक की पैड़ी है, कोई वहां जाने से रोकेगा तो उसे देख लेंगे। ये वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन व खुफिया विभाग हरकत में आ गया। देर रात तक पुलिस व खुफिया राम विशाल दास, सलीम वास्तिक व अन्य व्यक्तियों के अगले ठिकाने की जानकारी जुटाने में लगे थे।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी स्वामी राम विशाल दास के साथ कुछ एक्स मुस्लिम हरकी पैड़ी पहुंच गए थे। मुस्लिम टोपी लगाकर हरकी पैड़ी जाने से विवाद खड़ा हो गया था। जिसके बाद राम विशाल दास और गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम व अन्य पदाधिकारियों के बीच जुबानी जंग चली और विवाद तूल पकड़ गया था।
जमानत पर जेल से छूटा है सलीम वास्तिक
सलीम वास्तिक का नाम दिल्ली में 25 साल पुराने एक बहुचर्चित अपहरण और हत्या के मामले में सामने आ चुका है। सलीम पर एक व्यापारी 13 वर्षीय पुत्र का फिरौती के लिए अपहरण और हत्या का मामला दर्ज हुआ था। 25 साल तक फरारी काटने के बाद कुछ महीने पहले दिल्ली पुलिस ने उसे लोनी गाजियाबाद से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वर्तमान में वह जमानत पर जेल से बाहर है।
ऐसे में कांवड़ मेले जैसे संवेदनशील अवसर पर सलीम वास्तिक के हरिद्वार पहुंचने को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है। दरअसल, कांवड़ मेले के दौरान रोजाना लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे समय में किसी भी तरह के विवादित कार्यक्रम या भड़काऊ बयान से धार्मिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। फिलहाल धर्मशाला में प्रस्तावित कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
गंगा सभा हुई अलर्ट
सलीम वास्तिक के हरकी पैड़ी धावे से जुड़ा वीडियो प्रसारित होने के बाद श्री गंगा सभा भी अलर्ट हो गई है। श्री गंगा सभा के अध्यक्ष पंडित नितिन गौतम का कहना है कि पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जाएगी। जब ऐसा कोई व्यक्ति हरकी पैड़ी आएगा, तब देखा जाएगा।










