Uttarakhand News 30 July 2026: रुद्रपुर शहर के प्रीत विहार क्षेत्र में बुधवार देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला कर उसकी उंगली काट दी और बाइक लूटकर फरार हो गए। ट्रांजिट कैंप के शिवनगर निवासी अरमान अपने दोस्तों के साथ एएनझा इंटर कॉलेज मैदान में बैठा था। तभी बाइक सवार चार बदमाश पहुंचे और बिना किसी विवाद के मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि एक हमलावर ने अरमान के सिर पर तलवार से वार किया, लेकिन बचाव में हाथ आगे करने पर उसकी बाएं हाथ की तीन उंगलियां गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जिनमें एक पूरी तरह कट गई। वारदात के बाद आरोपी उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।