Uttarakhand News 1 August 2026: हरिद्वार से गंगाजल भरकर अपने गंतव्य की ओर निकले चार नाबालिग दोस्त गंगनहर के गहरे पानी में डूब गए। जल पुलिस और गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों को गंगनहर से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चारों दोस्त चंडीगढ़ के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
चारों किशोरों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया लेकिन गहरे पानी के डर से कोई गंगनगर में उतरकर बचा नहीं पाया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जल पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों को पानी से निकालकर जिला अस्पताल भेजा, जहां मृत घोषित कर दिया। परिजनों को जानकारी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, शिवांशु (16), नितीश (16) निवासी सेक्टर-30 बी, रोहित (17) निवासी सेक्टर-26, बाबूधाम कॉलोनी और भरत (16) निवासी सेक्टर-30 बी चंडीगढ़ के रहने वाले थे। सभी 30 जुलाई की रात कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंचे थे।
चारों दोस्तों ने हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ उठाई और शुक्रवार तड़के चंड़ीगढ़ की ओर चल दिए। जटवाड़ा पुल के पास पहुंचने के बाद वे अपने अन्य साथियों के आने का इंतजार करने लगे। गर्मी की वजह से करीब चार बजे चारों नहाने के लिए गंगनहर में उतर गए।
बताया गया कि गंगनहर में सिल्ट आने की वजह से पानी का प्रवाह बंद था। नहर में ज्यादातर जगह पानी नहीं था, बीच में कुछ स्थानों पर पानी जमा था।
चारों इसी पानी में स्नान करने के लिए रेलिंग के पार चले गए। इसी दौरान अचानक वे गहरे पानी की चपेट में आ गए और एक के बाद एक चारों दोस्त पानी में डूबते चले गए।










