Uttarakhand News 1 August 2026:Uttarakhand News 1 August 2026: चार दिन की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद एसआईटी ने बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी मामले के मुख्य आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को वापस जेल भेज दिया। रिमांड के दौरान आरोपित को उसके बदरीनाथ व देहरादून स्थित ठिकानों पर ले जाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।

बीती 28 जुलाई को एसआइटी ने नौटियाल को चार दिन की रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ शुरू की थी। बताया गया कि पूछताछ व तलाशी में आरोपित से ठोस सबूत हाथ लगे हैं। इन्हीं के आधार पर एसआइटी अब आगे की छानबीन कर रही है।

मामले में कुछ अन्य लोग भी जांच के दायरे में हैं। एसआईटी प्रभारी एवं डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद नौटियाल को जेल भेज दिया गया।

प्रभारी मंदिर अधिकारी समेत चार से पूछताछ
गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय जांच समिति बदरीनाथ धाम के प्रभारी मंदिर अधिकारी के अलावा तीन अन्य कार्मिकों से भी पूछताछ कर रही है।

प्रभारी मंदिर अधिकारी ने ही दो जुलाई को गणना स्थल पर दानपात्र खुलवाए थे। वह 30 जून को तत्कालीन मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान की सेवानिवृत्ति के बाद प्रभारी मंदिर अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।