Uttarakhand News 07 Aug 2026: दिल्ली में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में संगठन और सरकार दो माह का एक्शन प्लान लेकर लौटे हैं। सभी विधायक अपने क्षेत्र में रहते हुए मानसून की विषम परिस्थितियों में लोगों की जरूरत का ख्याल रखते हुए दुख-दर्द के सहभागी बनेंगे। अपने स्थानीय चुनावी वादों को धरातल पर उतारने के लिए सीधे सीएम कार्यालय से संपर्क में रहेंगे ताकि सरकार तत्काल लोगों की आवश्यकताओं व समस्याओं का समाधान कर सके।
कोर कमेटी की बैठक में फोकस इस बात पर भी था कि संगठन राज्य के कोर वोटर को छिटकने नहीं दें। हर उस पुराने कार्यकर्ता तक पहुंच बनाई जाए जो किसी न किसी वजह से खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। अगले दो माह के संगठन के कार्यक्रमों का तानाबाना भी इसी तरह से बुना गया है ताकि इस बात पर जोर रहे कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता तय कार्यक्रमों में जुटें।
इस दौरान विधायक, संगठन के पदाधिकारियों, दायित्वधारियों की सक्रियता और गतिविधियों की बाहरी तौर पर संघ भी निगरानी करेगा। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों का भी इस बात पर जोर था कि विधायक अपने क्षेत्र में और अधिक सक्रिय रहें और जनसहभागिता बढ़ाएं।
विपक्ष की 23 सीटों के मतदाताओं को भी साधने पर जोर
2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जिन 23 सीटों पर नहीं जीत पाई थी, उनके मतदाताओं को भी साधने पर जोर दिया गया है। कोर कमेटी की बैठक में इन सभी सीटों के लिए रणनीति बनाने पर मंथन हुआ। तय हुआ कि संगठन इन सभी जगहों पर अगले छह माह तक पूरी सक्रियता से काम करेगा। सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने से लेकर वरिष्ठ नेता यहां प्रवास करेंगे। इस दौरान इन सीटों के लिए संगठन सक्रियता, धरातल पर पकड़ के आधार पर मजबूत चेहरों की भी तलाश करेगा।










