Uttarakhand News 20 Aug 2026: हल्द्वानी। चीनी ने रसोई का सारा हिसाब-किताब बिगाड़ दिया है। जायके में मिठास घोलने वाली चीनी की कीमतों में भारी भरकम बढ़ोतरी हुई है। पिछले 15 दिनोें में इसके दाम 17 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ गए हैं।

आम आदमी की जेब पर महंगाई की मार सिर्फ यही तक नहीं है, बल्कि गुड़ और मिश्री की कीमत भी 20 से 30 रुपये प्रतिकिलो तक बढ़ी है।

हैरान करने वाली इतनी ज्यादा बढ़ोतरी
जानकारों की मानें तो चीनी की कीमतों में 15 दिनों में इतनी ज्यादा बढ़ोतरी हैरान करने वाली है। बुजुर्ग भी मान रहे हैं कि कभी उन्हें याद नहीं जब चीनी की कीमतों में एकाएक 17 रुपये का उछाल आया हो।

पटेल चौक में किराने की दुकान चलाने वाले कमल बर्गली ने बताया कि वह 15 दिन पहले चीनी की कीमत 45 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो बुधवार को 62 रुपये प्रतिकिलो की दर पर बिकी। इसी तरह 15 दिन पहले गुड़ 50 रुपये किलो बिक रहा था, जो बुधवार को 80 रुपये किलो बिका। वहीं मिश्री की कीमतें भी 50 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच गई हैं।

और बढ़ सकते हैं चीनी के दाम
हल्द्वानी गल्ला मंडी मर्चेंट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष और गल्ला कारोबारी रोहित गर्ग ने बताया कि बुधवार को चीनी का थोक भाव 58 रुपये प्रति किलो रहा। उन्होंने बताया कि जिस तरह से बताया जा रहा है कि चीनी की सप्लाई कम है, उससे इसकी कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका है।

क्यों इतनी तेजी से बढ़ रही हैं चीनी की कीमतें?
कारोबारियों के अनुसार, शुगर मिल के एजेंट उन्हें बता रहे हैं कि गन्ने की फसल कम आई है। ऐसे में चीनी का पर्याप्त स्टाक नहीं है। अभी नई फसल आने में लगभग तीन महीने और है। इस कारण दाम बढ़ रहे हैं। वहीं कुछ कारोबारी आशंका जता रहे हैं कि एथेनाल की वजह से चीनी की कीमतें बढ़ी हों। उनका तर्क है कि बड़ी मात्रा में गन्ने को चीनी के उत्पादन की जगह एथेनाल बनाने के लिए डायवर्ट किया गया। इससे बाजार में चीनी की आपूर्ति कम हुई है।

त्योहारी सीजन में महंगाई बढ़ने की आशंका
चीनी की कीमतों में हुई इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी का असर मिठाई, चाय-काफी, कोल्ड ड्रिंक, चाकलेट समेत अन्य वस्तुओं पर पड़ सकता है। चीनी की कीमत बढ़ने से इनका कारोबार करने वालों की लागत बढ़ रही है। ऐसे में त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों से लेकर अन्य चीजों के दाम बढ़ने की आशंका है।

अभी मिठाई विक्रेताओं ने नहीं बढ़ाए दाम
हालांकि अभी शहर में मिठाई विक्रेताओं ने दाम नहीं बढ़ाए हैं। डीपी नानक स्वीट्स के संचालक आदित्य गुप्ता ने बताया कि अभी वे दाम नहीं बढ़ा रहे हैं, लेकिन चीनी की कीमतों में आई तेजी नहीं थमी तो उन्हें इस पर विचार करना पड़ेगा। वहीं कमल स्वीट्स के संचालक कमल सिंह मेहरा ने बताया कि वे अभी दाम नहीं बढ़ाएंगे, ताकि त्योहारी सीजन में उनके ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।

चीनी का भाव – थोक – फुटकर
19 अगस्त – 58 रुपये – 61 से 62 रुपये
पांच अगस्त – 42 रुपये – 45 से 46 रुपये