Uttarakhand News 20 Aug 2026: हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में बदमाशों ने एक जुए के अड्डे पर धावा बोल लाखों रूपये लूट लिए। असलहों के दम पर वहां मौजूद लोगों के गले से सोने की चेन और अंगुलियों से अंगूठियां भी उतरवाई गई। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश दो गाड़ियों से फरार हो गए। सूचना पर एसपी सिटी और सीओ भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। अन्य थानों को भी अलर्ट किया गया है।

पुलिस के अनुसार गोरापड़ाव क्षेत्र में कुछ माह पूर्व पुरानी कारों की बिक्री से जुड़ा आफिस खुला था। बुधवार को करीब दस लोग यहां जुआ (ताश) खेल रहे थे। रात साढ़े सात बजे करीब स्कॉर्पियो और एक सफेद रंग की कार से पहुंचे आठ, दस लोग अचानक अंदर घुस आए। बदमाशों ने तुरंत असलहे निकाल अंदर मौजूद लोगों को घेरते हुए काबू में ले लिया।

इसके बाद फड़ में पड़े कैश के साथ ही लोगों की जेबें भी टटोली गई। साथ ही सोने की चेन और अंगूठियां भी छीन ली। इसके बाद सभी आरोपित दोनों गाड़ियों से फरार हो गए। सूचना मिलने पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल सीओ और कोतवाल के साथ घटनास्थल पहुंचे थे। पीड़ितों से जुटाई जानकारी के आधार पर पुलिस बदमाशों की खोजबीन में जुटी है।

पीड़ित कारोबारी और प्रोपर्टी डीलर
सूत्रों की माने तो लूट का शिकार हुए लोगों में कारोबारी और प्रोपर्टी डीलर भी शामिल है। यह लोग गोरापड़ाव क्षेत्र और हल्द्वानी के रहने वाले हैं। अक्सर उस आफिस में इकट्ठा हुआ करते थे।

कैमरों के सहारे पुलिस, सुराग भी मिला
दस बदमाश दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्हीं वाहनों से फरार भी हो गए। घटना का पर्दाफाश करने में कैमरे अहम साबित होंगे। हाईवे से लेकर अन्य जगह पर सीसीटीवी मौजूद है। बताया जा रहा है कि एक कैमरे से गाड़ी की जानकारी भी मिली है।

पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। अलग, अलग टीमों का गठन किया गया। आरोपित जल्द पुलिस हिरासत में होंगे। फिलहाल अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।