Uttarakhand News 26 Aug 2026: मंगलवार देर रात करीब दस बजे उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के पास दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक डंपर चालक का दांए पैर स्टेयरिंग में फंस गया। मौके पर जुटे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
चेना मुरारपुर, उत्तर प्रदेश निवासी 22 वर्षीय राकेश पुत्र बालकराम, डंपर लेकर बाजपुर से दोराहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के पास दोराहा की ओर से बाजपुर आ रहे दूसरे डंपर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद राकेश का पैर स्टेयरिंग में फंस गया।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने राकेश को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय बाजपुर पहुंचाया, जहां उसे मामूली चोटें बताई गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की बात कही है, हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।










