Uttarakhand News 26 Aug 2026: रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजार में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में मिठाई की दुकानों और एक निर्माण स्थल पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार नकली मावा व उससे बनी मिठाइयां बरामद की गईं।
उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में अभियान चलाया गया। सबसे पहले उत्तराखंड स्वीट्स पर छापेमारी की गई। यहां कीड़े-मकौड़ों से युक्त करीब 50 किलो खोया व छैना से बनी मिठाइयां मिलीं। इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। खोये के नमूने लेने के साथ ही गंदगी को लेकर चालान की कार्रवाई की गई।
कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पर छापेमारी
इसके बाद कुलदीप गुप्ता स्वीट्स पर छापेमारी की गई। यहां मिल्क पाउडर और रिफाइंड मिलाकर नकली मावा तैयार किया जा रहा था। दुकान संचालक ने भी पूछताछ के दौरान मिल्क पाउडर और रिफाइंड से नकली मावा तैयार करने की बात स्वीकार की।
टीम को मौके से करीब 80 किलो मिलावटी खोया, 40 किलो मिलावटी बर्फी और करीब डेढ़ कुंतल मिलावटी केक-लौज बरामद हुआ। दुकान संचालक ने इन्हें स्वेच्छा से नष्ट करने की सहमति दी, जिसके बाद सैंपलिंग कराकर तैयार मिठाइयों और मावे को नष्ट कराया गया। मामले में एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग की ओर से अन्य कार्रवाई अलग से की जा रही है।
गंदे टीनों में भरे मिले रसगुल्ले
एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से मिठाई निर्माण की सूचना पर भी कार्रवाई की गई। एक स्थान से रसगुल्ले गंदे टीनों में भरे मिले। इनमें कीड़े, पतंगे और मक्खियां पड़ी हुई थीं। मौके से मिल्क पाउडर व रिफाइंड समेत अन्य सामग्री भी बरामद हुई। प्रथम दृष्टया रसगुल्ले मिल्क पाउडर और रिफाइंड से तैयार किए जाने की सभवना जताई गई है। अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार मिठाइयों को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए नष्ट कराया गया।
कार्रवाई में तहसीलदार बाजपुर प्रताप सिंह चौहान, राजस्व निरीक्षक कृपाल राठौर, सतपाल बाबू, राजस्व उपनिरीक्षक आकाश सैनी समेत खाद्य विभाग की टीम मौजूद रही। उपजिलाधिकारी ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।










