Uttarakhand News 7 Sep 2026: कांगड़ी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से स्कूटी पर जा रहे दो किशोरों की मौत हो गई। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार की दोपहर की है। कार्तिक अग्रवाल (16) निवासी काली कमली हवेली हरकी पैड़ी व कृष्णा राजपूत (14) निवासी शिवनगर रानी गली स्कूटी पर सवार होकर श्यामपुर की तरफ जा रहे थे। कांगड़ी फ्लाईओवर पर पहुंचते ही बिजनौर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार की स्कूटी से जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में स्कूटी सवार दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जांच में पता चला कि कार्तिक के पिता ने करीब दो सप्ताह पहले ही नई स्कूटी खरीदी थी। रविवार को कार्तिक अपने दोस्त कृष्णा के साथ परिवार को बिना बताए ही स्कूटी लेकर घूमने निकल गया था।

हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और वाहनों को हाईवे से हटवाकर थाने पहुंचाया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।