Uttarakhand News 16 Sep 2026: बुधवार की सुबह टनकपुर से दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस के साथ टकरा जाने से एक वृद्ध पूर्व सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई। वो कमलपथ स्थित रेलवे अंडरपास के समीप पैदल पटरी पर कर रहे थे। सूचना पर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के मुताबिक सुबह टनकपुर से दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस के सेना छावनी (आंबेडकर ग्राम फागपुर के करीब ) पहुंचते ही वहां पटरियां पार करते हुए एक वृद्ध व्यक्ति रेलगाड़ी से टकरा गए। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि मृतक टनकपुर पुराने बिजलीघर वार्ड संख्या नौ निवासी देवेंद्र सिंह बोरा (79) पुत्र रामचंद्र सिंह बोरा पूर्व सैनिक था। उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

मामले की जांच एसएसआई भावना गहतोड़ी को सौंपी गई है। बनबसा रेलवे स्टेशन मास्टर सूरज कुमार ने बताया कि घटना से ट्रेन 15 मिनट तक रुकी रही। बता दें कि इन दिनों करीब बीस दिनों से कमलपथ से सेना छावनी जाने वाले रेलवे अंडरपास पर पानी होने से लोग पैदल ही किनारे से पटरियां पार कर गंतव्य तक आवाजाही कर रहे हैं। रेलवे अंडरपास में जलभराव होने से वहां किसी तरह की दुर्घटना होने के संबंध में अमर उजाला ने पहले ही चेता दिया था।