Uttarakhand News 21 Sep 2026: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आज दिल्ली से उत्तराखंड पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को नमन किया। इसके बाद नारसन बॉर्डर से लेकर हरिद्वार तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया।

हरिद्वार पहुंचने पर हरीश रावत ने स्वामी विवेकानंद गंगा घाट पर पूजा-अर्चना कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी बीमारी और उपचार के बारे में जानकारी दी। साथ ही, उपचार के दौरान सहयोग करने वाले डॉक्टरों और उनका हालचाल लेने वाले सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों का धन्यवाद किया।

हरदा के रोड शो पर भाजपा हमलावर: बताया राजनीतिक ड्रामा, कहा- सबकुछ ठीक है तो शक्ति प्रदर्शन की जरूरत क्यों?

मैं एक सिपाही, पार्टी का निर्णय सर्वोपरि
अपने ओएसडी पर लगे आरोपों को लेकर हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सीबीआई और ईडी का खेल शुरू हो जाता है और कुछ समय बाद समझ में आता है कि इसके पीछे क्या हो रहा था।

कांग्रेस में इस्तीफे से जुड़े सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है और वह जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे। कहा कि फिलहाल वह पार्टी के एक सिपाही हैं।

इसके साथ ही हरीश रावत ने मीठी बेरी में पुल निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यहां पुल बन जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक पुल का निर्माण नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से इस मामले पर ध्यान देने की मांग की।इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।