Uttarakhand News 24 Sep 2026: देहरादून। सहस्रधारा रोड पर नालापानी चौक के पास स्कूटी सवार महिला के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। काले रंग की स्विफ्ट कार सवारों ने महिला को कार में खींचने का प्रयास किया।

महिला और आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो कार सवार भाग निकले। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से कार सवारों का पता लगाया जा रहा है।

कार में खींचने का प्रयास
बुधवार को सुबह करीब 6:50 बजे सहस्रधारा रोड स्थित कानन कुंज निवासी सुषमा वर्मा नालापानी चौक से अपनी बेटी को स्कूल के लिए बस में बैठाकर घर लौट रही थी। वापस लौटते समय कुछ ही दूरी पर एक काले रंग की स्विफ्ट कार महिला के पास आकर रुकी और महिला को रोककर जबरन कार में खींचने का प्रयास किया गया।

बताया जा रहा है कि कार में तीन से चार युवक थे। महिला ने शोर मचाया तो आसपास लोग एकत्र हो गए। शोर सुनकर कार सवार मौके से फरार हो गए। सूचना पर रायपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ कर जांच शुरू की।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर अपहरण का प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ डोईवाला वंदना वर्मा ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों से कार सवारों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित
महिला के अपहरण के प्रयास की घटना के बाद क्षेत्र में भी सनसनी फैल गई है। अभी तक कार सवारों का पता नहीं चल पाया है।पुलिस की तीन टीमों को आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। इसके साथ ही पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी आरोपितों की पहचान के प्रयास कर रही है।