Uttarakhand News 24 Sep 2026: भवाली नगर पालिका क्षेत्र के श्यामखेत स्थित जूनियर हाईस्कूल में तैनात एक शिक्षक पर बृहस्पतिवार को स्कूली बच्चों ने शराब पीकर अभद्रता करने का आरोप लगाया। शिक्षक के शराब पीकर आने की सूचना पर अभिभावक भी मौके पर पहुंचे और अभिभावकों ने शिक्षक के शराब पीकर आने की सूचना शिक्षा विभाग और पुलिस को दी।

सूचना पर भवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो विद्यार्थियों ने बताया कि शिक्षक की ओर से शराब पीकर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। इसको लेकर विद्यार्थियों में डर का माहौल है। जिला प्रारंभिक शिक्षाधिकारी पुष्कर लाल टम्टा ने बताया कि अभिभावकों की ओर से शिक्षक के शराब पीकर विद्यालय में आने और विद्यार्थियों से अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है।

डीईओ ने कहा शिक्षक को खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।