Uttarakhand News 25 Sep 2026: सरकार की कैबिनेट बैठक चार अक्तूबर को पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में होगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा है। दूसरी ओर, विधानसभा सत्र 22 से 24 अक्तूबर के बीच गैरसैंण में कराने की तैयारी भी शुरू हो गई है।

सचिवालय स्तर पर बृहस्पतिवार को कैबिनेट बैठक की तैयारियों का असर नजर आया। बैठक चार अक्तूबर को सुबह 11 बजे बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में होगी। बैठक में राज्य से जुड़े जरूरी मुद्दों पर चर्चा के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन, पर्यटन समेत कई विभागों के प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। खास बात ये है कि चूंकि चंपावत मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र है, इसलिए आगामी चुनाव के मद्देनजर यह अहम मानी जा रही है।

पूर्व में भी देहरादून से बाहर हुई कैबिनेट

2010 में निशंक सरकार ने गंगा प्रदूषण के खिलाफ अभियान के दौरान हरिद्वार में हर की पौड़ी पर कैबिनेट बैठक की थी। इसके बाद 2012 में विजय बहुगुणा सरकार ने गैरसैंण, चमोली में कैबिनेट बैठक की। हरीश रावत की सरकार ने देहरादून से बाहर हरिद्वार, अल्मोड़ा और केदारनाथ में कैबिनेट बैठकों का आयोजन किया था।

26 अक्तूबर से पहले होना है विधानसभा सत्र

उत्तराखंड का विधानसभा सत्र 26 अक्तूबर से पहले होना है। सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा सत्र सरकार गैरसैंण में कराने जा रही है। इसके लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री धामी को अधिकृत किया हुआ है, जिनका निर्णय आना बाकी है। चुनावी वर्ष होने के नाते भी सरकार, गैरसैंण सत्र से विशेषकर पर्वतीय जिलों के मतदाताओं को साधने का प्रयास करेगी। संभावित तौर पर सत्र 22 से 24 अक्तूबर के बीच होगा।