Uttarakhand News 2 Nov 2026: जयहरीखाल ब्लॉक के ग्राम पंचायत घेटुलगांव के कोलगाड गांव में सोमवार को भालू से बचने के प्रयास में पहाड़ी से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। महिला गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थी। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम गांव के लिए रवाना हो गई।
ग्राम प्रधान रेखा देवी और सामाजिक कार्यकर्ता विनोद नेगी ने बताया कि कोलगाड गांव निवासी बसंती देवी (40) पत्नी कलम सिंह सजवाण गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थी। इस दौरान अन्य महिलाएं कुछ दूरी पर घास काट रही थीं।
तभी अचानक वहां भालू आ गया और उसने बसंती देवी का पीछा करना शुरू कर दिया। भालू से जान बचाने के लिए बसंती देवी भागने लगी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह पहाड़ी से नीचे सड़क पर जा गिरी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।










