Uttarakhand News 2 Nov 2026: टिहरी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कैंप्टी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 708 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 77 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक नवंबर 2026 को कोतवाली कैंप्टी पुलिस ने चौकी नैनबाग क्षेत्र के सिलासु पुल के पास चेकिंग की। इस दौरान दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 708 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिलेश चौहान पुत्र शैलेंद्र सिंह और राजमोहन पुत्र शूरवीर सिंह के रूप में हुई है। दोनों उत्तरकाशी जिले के मोरी थाना क्षेत्र के ग्राम देवजानी के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली कैंप्टी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मंगेश कुमार, हेड कांस्टेबल अकबर अली और कांस्टेबल राजेंद्र सिंह व अंकित रावत शामिल रहे।
टिहरी पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आम लोगों से भी इस संबंध में पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।










