Uttarakhand News 3 Nov 2026: बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में वर्ष 2023 का क्यूआर कोड विवाद एक बार फिर गरमा गया है। बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने मामले की नए सिरे से जांच और एसआईटी गठित करने की मांग की है। इस पर शासन ने चमोली और रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है।
पर्यटन विभाग की अनु सचिव सोनिया भारती ने दोनों जिलाधिकारियों को पत्र भेज स्पष्ट आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अजेंद्र अजय ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर दोबारा जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि 2023 में मंदिर परिसरों में क्यूआर कोड युक्त बोर्ड लगाए गए थे। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं से दान देने की अपील की जा रही थी। जिस पर तत्कालीन प्रभारी अधिकारी अनिल ध्यानी ने बदरीनाथ कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
अजेंद्र अजय ने पुलिस जांच में कथित अनियमितताओं और बीकेटीसी अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने गड़बड़ी न मिलने का हवाला देकर न्यायालय में अंतिम रिपोर्ट दाखिल की थी। यह रिपोर्ट वादी पक्ष की अनुपस्थिति में स्वीकार कर ली गई। अजेंद्र अजय ने जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए दस्तावेज के साथ निष्पक्ष एसआईटी जांच की मांग की है। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने बताया कि बीकेटीसी के सीईओ से रिपोर्ट मांगी गई है, जिसे जल्द शासन को भेजा जाएगा।










