Uttarakhand News 5 Nov 2026: हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से लापता किशोरी हिमाचल प्रदेश में अपनी बहन के घर से बरामद हुई। लेकिन किशोरी ने घर से जाने के पीछे जो आपबीती बताई, उससे पूरी कहानी ही बदल गई। किशोरी ने अपने सौतेले पिता पर दुष्कर्म और उत्पीड़न के आरोप लगाए। जिस पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति ने पिछले सप्ताह कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाश करते हुए किशोरी को हिमाचल प्रदेश स्थित उसकी बड़ी बहन के घर से सकुशल बरामद कर लिया।

मां ने दूसरी शादी की
पूछताछ के दौरान किशोरी ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। आरोप है कि इसके बाद उसका सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। लगातार शारीरिक शोषण से परेशान होकर वह बिना किसी को बताए घर से निकलकर अपनी बहन के पास चली गई थी। किशोरी के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने चार नवंबर को आरोपित सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में दर्ज मुकदमे में पॉक्सो अधिनियम की धाराएं बढाते हुए पीड़िता का मेडिकल कराया गया। इसके बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सोनल रावत, अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा और महिला कांस्टेबल प्रियंका तोमर शामिल रहीं।