Uttarakhand News 14 Nov 2026: माइक्रोसॉफ्ट की विश्वभर में सेवाओं के ठप होने का असर उत्तराखंड में नजर नहीं आया है। सूचना प्रौद्योगिकी विकास प्राधिकरण (आइटीडीए) द्वारा एक वर्ष पूर्व ही निजी एजेंसियों से नाता तोड़ नेशनल इंफारमेटिक्स सेंटर के जरिये ही अपनी सेवाएं संचालित कराने की व्यवस्था की है। ऐसे में यहां सभी सेवाएं सुचारू चलती रही।

प्रदेश में इस समय सारा तकनीकी कार्य आइटीडीए देखती है। आइटीडीए ने गत वर्ष केंद्र सरकार से सभी सेवाएं जोहो के जरिये संचालित कराने का निर्णय लिया था। जोहो एक भारतीय कंपनी है जो क्लाउड आधारित सेवाएं मुहैया कराती है। साथ ही यह एनआइसी के साथ मिलकर मेल और आफिस टूल्स पर काम करती है।

प्रदेश के अभी 197 कार्यालयों व अधिकारियों की ई-मेल आइडी और आफिस टूल्स एनआइसी के जरिये ही संचालित किए जा रहे हैं। इस कारण माइक्रोसॉफ्ट में आई खराबी का प्रभाव नहीं पड़ा। निदेशक आइटीडीए आलोक पांडेय का कहना है कि प्रदेश में एनआइसी के जरिये सेवाएं संचालित हो रही है। इस कारण माइक्रोसॉफ्ट का प्रभाव सरकारी कार्यालयों में देखने को नहीं मिला है।