Uttarakhand News 21 Nov 2026: एक तरफ बेटे का कद देश की राजनीति में लगातार बढ़ता गया, तो दूसरी तरफ मां सावित्री देवी की दुनिया पंचूर गांव तक ही सिमटी रही। बेटे के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उन्होंने अपनी जीवनशैली और संस्कारों से समझौता नहीं किया। अब उनकी अंतिम विदाई के भावुक पल और सादगी भरा जीवन लोगों की स्मृतियों में हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन हो गईं। अपनी मां को अंतिम विदाई देते समय सीएम योगी भावुक हो गए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मुख्यमंत्री कई बार रूमाल से आंसू पोंछते नजर आए।

करीब 11:40 बजे अंतिम यात्रा चंडी घाट पहुंची। यहां अंतिम संस्कार की धार्मिक परंपराओं के अनुसार रस्में निभाई गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान वह भावुक नजर आए। घाट पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए साधु-संतों, राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य लोगों का पहुंचना जारी रहा। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत भी अंतिम विदाई में शामिल हुए।

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने के पीछे परिवार की परंपरा भी जुड़ी है। पंचूर गांव के लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार परंपरागत रूप से हरिद्वार में करते हैं। इसी परंपरा के अनुसार सावित्री देवी को भी पैतृक घाट लाया गया। इससे पहले योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 21 अप्रैल 2020 को हुआ था। कोरोना संक्रमण के दौर में परिस्थितियों के चलते उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के बजाय फूलचट्टी घाट पर किया गया था।

योगी आदित्यनाथ की पहचान एक सख्त प्रशासक, अनुशासित नेता और कठोर फैसले लेने वाले मुख्यमंत्री के रूप में होती है लेकिन उनके व्यक्तित्व के पीछे मां सावित्री देवी के दिए संस्कारों की भी अहम भूमिका रही।
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की सत्ता तक बेटे के पहुंचने के बावजूद सावित्री देवी ने कभी अपने जीवन में सत्ता की चमक-दमक को जगह नहीं दी।

पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में उन्होंने एक साधारण ग्रामीण महिला की तरह जीवन बिताया। न बेटे के पद का लाभ उठाने की चाह रखी और न ही सरकारी सुविधाओं की अपेक्षा की।

उनका जीवन सादगी, आत्मसम्मान और अपनी मिट्टी से जुड़ाव की मिसाल रहा। परिवार और ग्रामीण परिवेश में उन्होंने बच्चों को अनुशासन, ईमानदारी और सेवा के संस्कार दिए।

योगी आदित्यनाथ जब भी गांव पहुंचते, मां के सामने मुख्यमंत्री नहीं बल्कि अजय बनकर ही रहते थे। मां की सीख भी यही थी कि पद और प्रतिष्ठा स्थायी नहीं होते लेकिन इंसान के कर्म और संस्कार हमेशा याद रहते हैं।

एक बेटा जिसने संन्यास की राह चुनी, फिर देश के सबसे बड़े राज्यों में से एक का मुख्यमंत्री बना, लेकिन मां के लिए हमेशा अजय ही रहा। कभी संन्यासी बेटे को भिक्षा देते हुए मां के आंसू छलक पड़े, तो कभी आखिरी मुलाकात में पूछा गया वो सवाल यादगार बन गया। मां सावित्री देवी के निधन के बाद उनसे जुड़ी ऐसी ही यादें और किस्से एक बार फिर सीएम योगी को भावुक कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ का सार्वजनिक जीवन काफी व्यस्त रहा, लेकिन मां से उनका रिश्ता हमेशा चर्चा में रहा। कभी पांच साल बाद पैतृक गांव पहुंचकर मां के पैर छुए तो कभी बीमार मां का हाल जानने ऋषिकेश एम्स पहुंचे।

मई 2026 में पंचूर में हुई मुलाकात उनकी मां से आखिरी मुलाकात बन गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में एक तरफ सत्ता और जिम्मेदारियों का बड़ा संसार रहा तो दूसरी तरफ उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनका पैतृक गांव पंचूर और वहां रहने वाली मां सावित्री देवी से जुड़ी यादें। संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने भले ही पारिवारिक जीवन से दूरी बना ली, लेकिन मां के प्रति उनका लगाव समय-समय पर सामने आता रहा।