Uttarakhand News 21 Nov 2026: कोतवाली हल्द्वानी के राजपुरा चौकी का क्षेत्र के लोगों ने शनिवार दोपहर घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने चौकी प्रभारी आरती को चौकी से हटाने की मांग करते हुए हंगामा व नारेबाजी की। लोगों ने बताया कि पड़ाव इलाके में शुक्रवार रात धार्मिक आयोजन चल रहा था। इस दौरान कुछ पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और आयोजन बंद करने का दवाब बनाने लगे। जब लोगों ने कुछ समय की मोहलत मांगी तब आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप यह भी है कि महिलाओं को लाठी भी मारी गई। इसके बाद कर्मी डीजे व साउंड का सामान उठाकर चौकी ले गई। शनिवार को क्षेत्र के लोग एकत्र होकर राजपुरा चौकी पहुंचे और धरने पर बैठ गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और लिखित शिकायत ली व बातचीत कर लोगों को शांत कराया। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। तथ्यों के आधार पर उच्चाधिकारियों के निर्देश से आगे की कार्रवाई की जाएगी।







