Uttarakhand News 25 Nov 2026: हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा देव दीपावली पर्व पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे हैं। गंगा स्नान करने के लिए सोमवार की रात को बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरकी पैड़ी पहुंचे, सुबह तड़के से श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजन किया।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर सुबह से लेकर शाम की आरती तक 38.90 लाख श्रद्धालुओं ने हरिद्वार में गंगा के अलग-अलग घाटों में स्नान किया। जिसके बाद सभी अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हाईवे से लेकर सर्विस लेन और शहर की सड़कों पर मंगलवार दिन भर जाम की स्थिति बनी रही।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरकी पैड़ी क्षेत्र में ठिठुरन भरी सुबह और शीतल हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, राम घाट, वीआइपी घाट, सीसीआर घाट सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ सोमवार की रात से भी बढ़नी शुरू हो गई थी।
सोमवार की रात को हरकी पैड़ी पर 21 हजार दीप प्रज्वालित किए गए। दीयों की रोशनी के साथ लेजर लाइट से हरकी पैड़ी का नजारा भव्य व दिव्य नजर आया। मंगलवार की सुबह तक हरकी पैड़ी सहित आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, बैरागी कैंप सहित कई अन्य स्थानों से हरकी पैड़ी तक श्रद्धालुओं को पैदल चलना पड़ा। दोपहर को भी यही स्थिति रही।
इतनी परेशानी के बावजूद भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। ज्योतिषाचार्य मनोज त्रिपाठी ने बताया कि मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा एवं अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से मनुष्य को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन देवता भी गंगा के पावन स्नान के लिए धरती पर अवरित होते हैं।
श्रद्धालुओं ने अपने परिवारों के साथ गंगा किनारे हवन-अनुष्ठान भी किए। साथ ही गंगा में दीप दान भी किया। कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़े श्रद्धालुओं के कारण हरिद्वार-दिल्ली-रुड़की हाईवे पर दिन भर वाहनों का दबाव रहा। पुलिस एवं प्रशासन की टीमों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की।








