Uttarakhand News 25 Nov 2026: ऋषिकेश में बीती मई में हुए रेल हादसे के बाद अब स्टेशन मास्टर और लोको पायलट समेत 10 अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इनसे गत तीन वर्षों में हुई वेतन बढ़ोतरी वापस ली गई है। जबकि आने वाले तीन वर्षों तक पदोन्नति और वेतन बढ़ोतरी पर रोक लगाई गई है।
जानकारी के मुताबिक इस मामले में तीन बार जांच कराई गई। पहले स्टेशन स्तर पर कमेटी बनी, इसके बाद मंडल स्तर पर जांच समिति बनाकर जांच कराई गई। इसकी जांच भी सही नहीं मिली तो विशेष कमेटी गठित की गई।
करीब 90 दिनों तक हुई जांच के बाद 10 लोगों पर लापरवाही से जुड़े आरोप तय हुए हैं। मामले में एक लोको पायलट को निलंबित किया गया था। अब लोको पायलट के अलावा स्टेशन मास्टर, शंटिंग स्टाफ, कैरिज और वैगन के 10 कर्मियों पर कार्रवाई हुई है।
योगनगरी रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुए हादसे में जांच शुरू
ऋषिकेश के योगनगरी रेलवे स्टेशन पर 19 नवंबर को एक बार फिर से हादसा हो गया था। इसमें तीन कोच बेपटरी हो गए थे। हादसा तब हुआ था जब ट्रेन को वाशिंग के लिए ले जाया जा रहा था। इस मामले में भी रेलवे की ओर से जांच शुरू कर दी गई है। जांच कमेटी सभी पहलुओं पर काम कर रही है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों से पूछताछ भी की जा रही है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर सिद्ध हुए आरोपों के बाद अधिकारी-कर्मचारियों की वेतन बढ़ोतरी रोकी गई है। रेलवे इस तरह की घटनाओं को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहा है।








