Uttarakhand News 27 Nov 2026: साहित्य, सिनेमा, संगीत और कला की दुनिया के दिग्गजों का जमावड़ा एक बार फिर शुक्रवार से देहरादून में लगने जा रहा है। 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ) में इस बार देश की कई नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी। तीन दिवसीय महोत्सव में संगीतकार एआर रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, प्रसिद्ध संगीतकार विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह और अभिनेता राज बब्बर समेत साहित्य, सिनेमा और कला जगत की कई हस्तियां अपने अनुभव साझा करेंगी। अमर उजाला महोत्सव का मीडिया सहयोगी है।

दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की इस वर्ष की थीम लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी रखी गई है। इसके तहत जीवन के अनुभवों, साहित्यिक विरासत और रचनात्मकता के सामाजिक प्रभाव पर विशेष चर्चा होगी। इस बार महोत्सव में एआर रहमान और इम्तियाज अली के बीच पहली बार होने वाला विशेष संवाद प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें सिनेमा, संगीत और कहानी कहने की कला के आपसी संबंधों पर चर्चा होगी। महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण दुआ-देहरादून यूनाइटेड आर्टिस्ट्स नाम से शुरू की जा रही नई पहल होगी। इसके तहत फंड जुटाने के लिए संगीत कार्यक्रमों की शृंखला आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य उत्तराखंड के संवेदनशील और ग्रामीण पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों को मजबूत बनाने और उनकी सहायता करना है। शाम के कार्यक्रमों में संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों की विशेष शृंखला भी होगी। इनसे प्राप्त धनराशि सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित की जाएगी।

रस्किन बॉन्ड के उपन्यास के 70 साल पूरे होने पर विशेष संस्करण

प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के चर्चित पहले उपन्यास द रूम ऑन द रूफ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने पर महोत्सव में विशेष आयोजन होगा। वर्ष 1956 में प्रकाशित इस उपन्यास की वर्षगांठ पर पहले दिन पेंगुइन इंडिया की ओर से इसका विशेष चित्रांकित चित्रकथा संस्करण जारी किया जाएगा। यह संस्करण रस्किन बॉन्ड की साहित्यिक विरासत और उनकी कालजयी कहानी की लोकप्रियता को समर्पित होगा।

वहीं, साहित्यिक कार्यक्रमों में वरिष्ठ लेखिका ममता कालिया को शिवानी-आयरन लेडी ऑफ द हिल्स सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान कुमाऊं की प्रसिद्ध लेखिका शिवानी के नाम पर स्थापित किया गया है। जबकि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पीपल बाबा को गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा उभरती साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए रस्किन बॉन्ड लिटरेरी अवॉर्ड्स भी दिए जाएंगे। महोत्सव में कारगिल युद्ध के नायक कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन और बलिदान पर आधारित पुस्तक ये दिल मांगे मोर पर विशेष संवाद होगा।