Uttarakhand News 28 Nov 2026: देहरादून और हल्द्वानी की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के साथ ही जल प्रबंधन और पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए शासन ने निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दोनों परियोजनाओं में निर्माण कार्यों की गति तेज करने के साथ ही गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात किया जाएगा। जमरानी बांध के काफर डैम का निर्माण मार्च, 2027 तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

स्टेट प्रगति पोर्टल पर नियमित अपलोड किए जाएं फोटो और वीडियो
मुख्य सचिव ने गुरुवार को सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति के आकलन के लिए कार्यों के फोटो और वीडियो स्टेट प्रगति पोर्टल पर नियमित अपलोड किए जाएं।

उन्होंने सौंग बांध परियोजना के कार्यों को मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि दोनों परियोजनाओं के तहत बनने वाले जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएं।

उन्होंने पुनर्वास से जुड़े कार्यों की अग्रिम तैयारी पूरी रखने तथा परियोजनाओं की संशोधित लागत का अनुमोदन एक ही बार में प्राप्त करने के लिए सभी औपचारिकताएं समय से पूरी करने पर जोर दिया। बताया गया कि मुख्य बांध का निर्माण नवंबर, 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है। अभी तक निर्धारित 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति के सापेक्ष अब तक 21 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है।

जमरानी बांध के निर्माण में कई कार्य अंतिम चरण में
बैठक में बताया गया कि जमरानी बहुउद्देशीय परियोजना में आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत और क्रशिंग, बैचिंग एवं मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

बांध का निर्माण जून, 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। बैठक में परियोजना के संशोधित अनुमान पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि इस पर अध्ययन कर शीघ्र केंद्र को अतिरिक्त सहायता के लिए पत्र भेजा जाएगा।