Uttarakhand News 28 Nov 2026: उत्तराखंड कोटद्वार के रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास आज एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। वाहन में रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सवार थीं। वे सिद्धखाल में बैंक का काम निपटाकर अपने गांव लौट रही थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने खाई में गिरे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।