Uttarakhand News 28 Nov 2026: पिथौरागढ़। एक पिता के लिए बेटी की शादी ठीक से संपन्न करा लेना केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रतिष्ठा का भी सवाल रहता है। बरातियों के स्वागत, खान-पान से लेकर विदाई तक सबसे ज्यादा चिंता पिता को ही रहती है।

मूनाकोट ब्लाक के गुरुमतोली गांव के गोविंद जोशी की परेशानी इससे कहीं अलग और बड़ी है। इसलिए करीब 12 साल पहले काटी गई सड़क की बदहाली को दूर करने वह स्वयं बेलचा लेकर निकले। घर की तैयारियों को स्वजन के जिम्मे छोड़ वह गड्ढे भरने में जुट सिस्टम को कोसते रहे।

दरअसल, गुरुमतोली निवासी गोविंद जोशी की पुत्री की बरात 30 नवंबर को आनी है। गुरुमतोली समेत आसपास की करीब पांच हजार आबादी वाले पांच अन्य गांवों को क्वीतड-जमतड़ी सड़क ही जोड़ती है।

आपदा में क्षतिग्रस्त होने के बाद मरम्मत की सुध तक नहीं ली
12 साल पहले लोक निर्माण विभाग ने 10 किमी कटिंग कर सड़क गांव तक पहुंचाई थी, लेकिन डामरीकरण छोड़िए आपदा में क्षतिग्रस्त होने के बाद मरम्मत की सुध तक नहीं ली गई। यहां वाहनों से आवाजाही खतरे से खाली नहीं है। गांव के लोग कई बार सड़क को ठीक कराए जाने की मांग कर चुके हैं। सुधारीकरण की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने पिछली बार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार भी किया था।

इधर, गोविंद जोशी के घर में शुक्रवार को गणेश पूजा का कार्यक्रम था। बोले-जल्दी पूजा करवाने के बाद वह गांव के लोगों के साथ सड़क सुधारीकरण कार्य में जुट गए। गड्ढों में वाहन न फंस जाए और बराती परेशान न हों, इसके लिए विभाग का काम भी अपने जिम्मे लिया।

पूरे दिन कहीं मिट्टी भरान किया तो कहीं से पत्थर हटाए। ग्रामीणों का कहना है कि एक पिता को अपनी बेटी की शादी के दिन भी मजदूर बनना पड़े तो इससे बड़ी व्यवस्था की विफलता और क्या हो सकती है। दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क के सुधारीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर कार्य कराया जाएगा।