Uttarakhand News 28 May 2026: मुखानी क्षेत्र में मूल रूप से अल्मोड़ा के रहने वाले 19 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। छात्र यहां रहकर प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग कर रहा था। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। युवक तीन भाइयों में सबसे छोटा है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से सुनियाकोट (बड़गांव) अल्मोड़ा निवासी 19 वर्षीय हेमंत परिहार पुत्र राजेंद्र परिहार मुखानी के भगवनपुर केसर कालोनी में अपने ताऊ के घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा कि बुधवार की सुबह वह रोजाना की तरह घर लौटा। इसके बाद उसने पानी पीया और अपने कमरे में चला गया।
कमरे के भीतर पंखे पर फंदे से लटका हुआ मिला शव
जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिवार वालों ने दरवाजा खटखटाया। कमरे के अंदर से जब हेमंत ने कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो परिवार के लोगों ने खिड़की या अन्य माध्यम से भीतर देखा तो उनके होश उड़ गए। हेमंत का शव कमरे के भीतर पंखे पर फंदे से लटका हुआ मिला।
आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारकर स्वजन डा. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को हल्द्वानी के मोर्चरी में भेज दिया गया। गुरुवार की सुबह शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया गतिमान है। इसके बाद परिवार वाले हेमंत के शव को अल्मोड़ा गांव लेकर रवाना होंगे।










