Uttarakhand News 08 May 2026: कुत्ते को घुमाने के लिए घर से निकले सेना के जवान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना में कुत्ते की भी मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में लिया है।
शुक्रवार सुबह बूचड़ी फाटक के पास यह घटना हुई। रेलवे के कंट्रोल रूम से जीआरपी को किसी व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी।
सूचना पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। जीआरपी चौकी प्रभारी सुशील तिवारी ने बताया कि शव की शिनाख्त देवेंद्र कुमार (41) निवासी शिवाजी कालोनी ढंडेरा के रूप में हुई है।
देवेंद्र सेना की आर्टिलरी विभाग में झांसी में तैनात थे। वह 28 अप्रैल को छुट्टी लेकर घर आए थे। बताया कि संभवत: देवेंद्र को ट्रेन के आने का पता नहीं चला। इसी वजह से यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि देवेंद्र के दो बच्चे हैं।
सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दुर्घटना 30 अप्रैल की है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना मुजफ्फराबाद के अल्लीपुर गांव निवासी सोनू ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि 30 अप्रैल को उसके भाई रविंद्र सिंह कार्य से बाइक पर सवार होकर रुड़की आए थे।
जब वह सालियर के समीप सड़क के किनारे खड़े होकर लघुशंका कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक कार ने उसके भाई को टक्कर मार दी।
इसके बाद कार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। उसके भाई को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। वर्तमान में उसका मेरठ में उपचार चल रहा है।










